बेलदा, 14 मई।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा क्षेत्र में नगदी और सोने के गहनों की लूट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार दोपहर दांतन अदालत में पेश किया गया, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, नारायणगढ़ ब्लॉक के बखराबाद ग्राम पंचायत अंतर्गत जंगुरिया निवासी सुभल चंद्र माइती बुधवार को बेलदा स्थित को-ऑपरेटिव बैंक से सोने के गहने गिरवी रखकर करीब 60 हजार रुपये का ऋण लेकर अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनके पास मौजूद नगदी तथा सोने के गहनों को लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बेलदा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर खड़गपुर क्षेत्र से एक आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पर लूट का मामला दर्ज है तथा बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।





.jpg)






