पश्चिम मेदिनीपुर, 14 मई।
बेलदा में छोटे व्यापारियों के संगठन के कार्यालय पर लगाए गए ताले को भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के निर्देश के बाद खोल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य में मतगणना के दिन कुछ भाजपा समर्थकों द्वारा उत्साह में आकर बेलदा क्षुद्र व्यवसायी संगठन के कार्यालय को बंद कर ताला लगा दिया गया था। इस घटना की जानकारी नव-निर्वाचित भाजपा विधायक रमाप्रसाद गिरी को मिलने पर उन्होंने तत्काल कार्यालय खोलने का निर्देश जारी किया।
बुधवार देर शाम विधायक के आदेश के बाद भाजपा प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और कार्यालय का ताला खोल दिया गया। इस दौरान पार्टी नेतृत्व की ओर से व्यापारियों को यह भरोसा दिलाया गया कि वे बिना किसी भय के अपना कारोबार जारी रखें।
पार्टी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि यह कार्य कुछ कार्यकर्ताओं अथवा अन्य व्यक्तियों द्वारा अत्यधिक उत्साह में किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही विधायक ने व्यापारियों के हित में त्वरित कार्रवाई की।
व्यापारी संगठन के सदस्यों ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा उनके कार्यालय में ताला लगा दिया गया था। भाजपा नेताओं द्वारा ताला खुलवाए जाने के बाद उन्होंने राहत महसूस की। साथ ही, पार्टी की ओर से भविष्य में व्यापारियों को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया।














