कोलकाता, 14 मई।
पश्चिम बंगाल में इस वर्ष आयोजित उच्च माध्यमिक परीक्षा का परिणाम आज गुरुवार को जारी कर दिया गया है। उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष पार्थ कर्मकार ने सुबह 10:30 बजे परिणामों की औपचारिक घोषणा की, जिसके बाद सुबह 11 बजे से विद्यार्थियों के लिए परिणाम ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए।
छात्र-छात्राएं अपना रोल नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज कर विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए उपलब्ध वेबसाइटों में result.wb.gov.in, इंडिया रिजल्ट्स, शिक्षा रिजल्ट्स और मार्क्सबी रिजल्ट्स शामिल हैं। मार्कशीट और प्रमाणपत्र संबंधित विद्यालयों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे।
उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से राज्यभर के 56 वितरण केंद्रों के माध्यम से स्कूलों के प्रधानाचार्यों या उनके प्रतिनिधियों को परिणाम और प्रमाणपत्र सौंपे जा रहे हैं।
उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 12वीं का परिणाम पहले ही घोषित किए जाने के बाद अब राज्य में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया 20 मई से शुरू की जाएगी। इसके लिए एकीकृत पोर्टल के माध्यम से दाखिला प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
इस वर्ष उच्च माध्यमिक परीक्षा तीन अलग-अलग प्रारूपों में आयोजित की गई थी। नई व्यवस्था के तहत चौथे सेमेस्टर की परीक्षा, तीसरे सेमेस्टर की पूरक परीक्षा तथा पुरानी वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत भी परीक्षा कराई गई थी।
इस वर्ष कुल 7,10,811 विद्यार्थियों ने उच्च माध्यमिक परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें चौथे सेमेस्टर के 6,35,864 विद्यार्थी शामिल थे। दूसरे सेमेस्टर की पूरक परीक्षा में 59,452 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि पुरानी प्रणाली के तहत 15,495 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी।













