कोलकाता, 14 मई।
आसनसोल स्थित रवींद्र भवन में बुधवार को ‘विश्व शांति के संदेशवाहक’ के रूप में पहचाने जाने वाले श्री श्री रविशंकर का 70वां जन्मदिन अत्यंत श्रद्धा, आध्यात्मिक वातावरण और उत्साह के बीच मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता कृष्णा प्रसाद ने आयोजन में भागीदारी को एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के साथ ध्यान, संगीत और सेवा से प्राप्त होने वाली आंतरिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा ही जीवन का वास्तविक आधार है। उन्होंने आयोजनकर्ताओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सौहार्द, प्रेम और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, भाजपा युवा नेता कृष्णा प्रसाद, बुंबा मुखर्जी, आशा शर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान अध्यात्म, शांति और मानव सेवा का संदेश प्रमुख रूप से सामने रखा गया।
आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के संस्थापक श्री श्री रविशंकर को वैश्विक स्तर पर ध्यान, योग और शांति संवाद के लिए जाना जाता है। समारोह को संबोधित करते हुए कृष्णेंदु मुखर्जी ने आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं तथा वे भविष्य में भी ऐसे प्रयासों का समर्थन करेंगे।
कार्यक्रम का समापन भक्ति संगीत और सामूहिक ध्यान के सत्र के साथ हुआ, जिससे उपस्थित लोगों ने मानसिक शांति और उत्साह का अनुभव किया।














