राजनीति
14 May, 2026

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के खर्च पर भाजपा ने उठाए सवाल, 60 करोड़ रुपये के दावे पर घमासान

राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर कथित 60 करोड़ रुपये के खर्च और फंडिंग स्रोत को लेकर भाजपा ने पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

नई दिल्ली, 14 मई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर हुए कथित खर्च को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखे सवाल खड़े किए हैं। पार्टी का दावा है कि वर्ष 2004 से 2026 के बीच राहुल गांधी 54 बार विदेश यात्रा पर गए, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये का व्यय बताया गया है। साथ ही यह आरोप लगाया गया कि इन यात्राओं की फंडिंग और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

भाजपा प्रवक्ता एवं सांसद डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राहुल गांधी ने कुल 54 विदेश यात्राएं अपने खर्च पर कीं, जिन पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन यात्राओं में अमेरिका, इटली, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी, वियतनाम, कम्बोडिया, सिंगापुर, बहरीन, मालदीव, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और हाल की मस्कट यात्रा शामिल बताई गई हैं।

उन्होंने कहा कि अधिकांश यात्राओं से जुड़े प्रेस कार्यक्रम, संसदीय अभिलेख और फोटो रिकॉर्ड सार्वजनिक हैं, लेकिन इनके वित्तीय स्रोत स्पष्ट नहीं हैं। वर्ष 2013-14 से 2022-23 के बीच राहुल गांधी की घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही, जबकि विदेश यात्राओं पर कथित खर्च 60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया, जिससे आय और व्यय में बड़ा अंतर सामने आता है।

कुछ विशेष यात्राओं का उल्लेख करते हुए भाजपा नेता ने दावा किया कि वर्ष 2015 में दक्षिण-पूर्व एशिया यात्रा पर लगभग 4.5 करोड़ रुपये खर्च हुए, जबकि उस वर्ष घोषित आय 86.55 लाख रुपये थी। इसी तरह दिसंबर 2025 में लंदन और बर्लिन यात्रा पर 1.4 करोड़ रुपये, सितंबर-अक्टूबर 2025 में लैटिन अमेरिका दौरे पर 5.5 करोड़ रुपये तथा अप्रैल 2025 में बोस्टन यात्रा पर 1.2 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 में दुबई और मई 2026 में मस्कट की यात्राएं अघोषित थीं, जिन पर सीआरपीएफ द्वारा पत्राचार किया गया था, जिसमें बिना कार्यक्रम, बिना मेजबान जानकारी और गुप्त यात्रा जैसे उल्लेख शामिल थे।

भाजपा नेता ने कहा कि विदेशी आतिथ्य स्वीकार करने से पहले एफसीआरए नियमों के तहत अनुमति लेना आवश्यक है, ऐसे में सवाल उठता है कि यदि इन यात्राओं का खर्च किसी विदेशी संस्था ने उठाया तो उसकी अनुमति और रिकॉर्ड सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे गए सीआरपीएफ पत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि दिसंबर 2024 से सितंबर 2025 के बीच छह अघोषित विदेश यात्राएं हुईं, जिनमें सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।

भाजपा ने यह भी पूछा कि मई 2026 में ओमान यात्रा का खर्च किसने वहन किया। यदि किसी विदेशी संस्था ने भुगतान किया तो अनुमति पत्र सार्वजनिक किया जाए और यदि निजी खर्च पर यात्रा हुई तो बैंक विवरण, विदेशी मुद्रा प्रमाणपत्र या पार्टी रिकॉर्ड जारी किए जाएं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़