भोपाल, 05 मई।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने यात्रियों को एक नया और अनोखा अनुभव देने के उद्देश्य से “सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स” नामक पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत मेट्रो ट्रेन और स्टेशन परिसरों में विभिन्न प्रकार के व्यक्तिगत एवं सामाजिक आयोजन किए जा सकेंगे।
इस योजना के अंतर्गत अब जन्मदिन, प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग, फोटोशूट तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए मेट्रो कोच और चयनित स्टेशनों का उपयोग किया जा सकेगा। इसके माध्यम से मेट्रो को केवल परिवहन का साधन न मानकर खास पलों को यादगार बनाने वाले आधुनिक मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि यह पहल भोपाल और इंदौर की बदलती शहरी जीवनशैली तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि आयोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन यात्रियों की सुविधा और मेट्रो संचालन पर किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इस योजना के तहत बुकिंग के लिए कम से कम 15 दिन पहले आवेदन करना अनिवार्य होगा और बुकिंग प्रक्रिया पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। स्थिर मेट्रो कोच के लिए प्रति घंटे पांच हजार रुपये तथा चलती मेट्रो के लिए प्रति घंटे सात हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
जन्मदिन, प्री-वेडिंग और किटी पार्टी जैसे आयोजनों के लिए अधिकतम पचास लोगों की अनुमति दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक कोच के लिए बीस हजार रुपये की वापसी योग्य सुरक्षा राशि जमा करनी होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सख्त नियम लागू किए गए हैं, जिनके अनुसार सभी प्रतिभागियों की सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। आयोजन स्थल पर ज्वलनशील पदार्थ, शराब और धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
आयोजन के दौरान मेट्रो संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी और किसी भी प्रकार की क्षति होने पर उसकी भरपाई आयोजकों द्वारा की जाएगी। इस पहल से मेट्रो के बेहतर उपयोग के साथ-साथ नागरिकों को एक नया और यादगार अनुभव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।









.jpg)
.jpg)