नई दिल्ली, 04 मई।
पांच राज्यों की विधानसभा मतगणना के रुझानों में केरल में कांग्रेस-नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। इस स्थिति के बाद दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी जताई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्सव मनाया। वहीं कई नेताओं ने इस प्रदर्शन का श्रेय राहुल गांधी को देते हुए संगठनात्मक एकजुटता को सफलता का आधार बताया।
कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जनता ने कांग्रेस-यूडीएफ पर भरोसा जताया है और यह वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की हार है, जिसने दस वर्षों तक शासन किया। उन्होंने कहा कि यह जीत कांग्रेस, यूडीएफ और राहुल गांधी की है तथा यदि यही एकजुटता पूरे देश में रहे तो कांग्रेस को कोई चुनौती नहीं दे सकता।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि एलडीएफ के दस वर्षों के शासन में रोजगार के अवसर नहीं बने, जिसके कारण युवाओं का पलायन बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस राज्य में निवेश वापस लाकर विकास और कल्याण के लिए काम करेगी।
कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा कि मतगणना अभी पूरी नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस सौ से अधिक सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है। अंतिम दौर की गिनती जारी है और इसके बाद विधायक तिरुवनंतपुरम में बैठक करेंगे तथा सहयोगी दलों से चर्चा की जाएगी। आगे की रणनीति कांग्रेस हाईकमान तय करेगा।
कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा कि पार्टी ने सौ का आंकड़ा पार कर लिया है, जो जनता का विश्वास है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी को जनता के प्रति जवाबदेह रहकर अपने वादों को पूरा करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि केरल की जनता ने एलडीएफ को स्पष्ट संदेश दिया है।
इसी बीच हरियाणा के पंचकूला में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बंगाल में कांग्रेस की स्थिति सीमित रही, असम में पार्टी दूसरे स्थान पर रही और वहीं स्थिति बनी रहेगी, लेकिन केरल में कांग्रेस के कार्य का लाभ स्पष्ट रूप से मिला है।
विभिन्न राज्यों के रुझानों में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों के बीच मुकाबला जारी है। तमिलनाडु में विभिन्न दलों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल रहा है, वहीं असम में भाजपा आगे है। केरल में कांग्रेस-यूडीएफ मजबूत स्थिति में है और पुडुचेरी में भी अलग-अलग दलों के बीच मुकाबला जारी है।



.jpg)

.jpg)
.jpg)




.jpg)
