प्रयागराज, 14 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने सोमवार की रात पचास हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर को आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र से दबोच लिया।
यह जानकारी मंगलवार को एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित खौरा रसूलपुर व्यवहार गांव का निवासी आरिफ पुत्र इस्माइल है। उसके विरुद्ध गौकशी सहित विभिन्न धाराओं में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर मेहनगर थाने से पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार तलाश में जुटी हुई थीं।
उन्होंने आगे बताया कि इनामी एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की विशेष टीमें सक्रिय की गई थीं। इसी क्रम में प्रयागराज फील्ड इकाई के निरीक्षक के नेतृत्व में उप निरीक्षक और उनकी टीम को लगाया गया था। सूचना संकलन के दौरान पता चला कि इनामी गौ तस्कर मेहनगर थाना क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और विधिक प्रक्रिया शुरू करते हुए थाने में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2022 से गौवंश की खरीद-फरोख्त में संलिप्त था और उसके साथ सोनू उर्फ जावेद तथा पप्पू उर्फ अली अहमद भी जुड़े रहते थे। उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।









.jpg)
.jpg)


