जयपुर, 16 अप्रैल।
अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और सेवन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस ने तीन दिन तक विशेष “एरिया डोमिनेशन” अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों से कुल 558 अपराधियों को पकड़ा गया, जिससे नशे के कारोबार पर सख्ती का संकेत दिया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संचालित इस अभियान को शहर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण चारों जोनों में एक साथ लागू किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 55 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 54 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य मामलों में 32 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके साथ ही पुराने प्रकरणों में फरार चल रहे 4 आरोपितों सहित कुल 90 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 73 स्थायी वारंटियों, घोषित अपराधियों और गिरफ्तारी वारंटियों के साथ ही 8 इनामी अपराधियों को भी दबोचते हुए कुल 81 लोगों को पकड़ा। वहीं अन्य प्रावधानों के तहत 387 व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए 274 पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने 1020 स्थानों पर दबिश देकर सघन जांच की।
संवेदनशील क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों, किराए के मकानों और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे अपराधियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।









.jpg)



