मीरजापुर, 16 अप्रैल
इंस्टाग्राम पर भेजे गए एक अनजान लिंक के जरिए लोन दिलाने का झांसा देकर की गई साइबर ठगी के मामले में कोतवाली देहात साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 14,100 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जमुनहिया निवासी विकास यादव ने 19 दिसंबर 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिले एक संदिग्ध लिंक के माध्यम से उसे ऑनलाइन लोन का लालच दिया गया। इसके बाद उससे प्रोसेसिंग और वेरिफिकेशन शुल्क के नाम पर कुल 29,906 रुपये की ठगी कर ली गई।
शिकायत मिलने के बाद कोतवाली देहात साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच करते हुए ठगी की गई राशि में से 14,100 रुपये को होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर करा दिया।
राशि वापस मिलने के बाद गुरुवार को पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही साइबर सेल की ओर से उसे ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए और अन्य लोगों को जागरूक करने की सलाह दी गई।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक, साइबर सेल प्रभारी और महिला आरक्षी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






.jpg)


