पंजाब, 14 मई।
दुनियाभर में “मैं हूं पंजाब” के नारे के साथ पहचान बनाने वाले प्रसिद्ध पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक नई विवादित रिपोर्ट के चलते चर्चा में आ गए हैं। हाल के दिनों में उनके राजनीति में प्रवेश को लेकर अटकलें तेज थीं, लेकिन अब सामने आई जानकारी ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दावा किया जा रहा है कि दिलजीत दोसांझ अब भारतीय नागरिक नहीं रहे और उन्होंने कथित तौर पर अमेरिकी नागरिकता प्राप्त कर ली है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2022 में उन्होंने चुपचाप अमेरिकी नागरिकता ले ली थी और अब वे अमेरिकी पासपोर्ट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय यात्रा करते हैं। यह भी दावा किया गया है कि 1 सितंबर 2022 के बाद से वे भारत आने के लिए ई-वीजा का उपयोग कर रहे हैं। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके पास ओसीआई (भारतीय मूल के विदेशी नागरिक) कार्ड मौजूद नहीं है। सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम भारतीय पासपोर्ट वर्ष 2018 में मुंबई से जारी हुआ था, जिसे बाद में उन्होंने वापस कर दिया था। इससे पहले उनके एक अन्य पासपोर्ट के जाम्बिया से जारी होने की बात भी सामने आती रही है।
यह भी कहा गया है कि दिलजीत की पत्नी संदीप कौर अमेरिकी नागरिक हैं और नागरिकता प्रक्रिया के दौरान उन्होंने कैलिफोर्निया स्थित अपने पांच बेडरूम वाले बंगले का पता भी दिया था। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब ‘जागो पंजाब मंच’ सहित कई संगठन उन्हें पंजाब की राजनीति में शामिल होने का प्रस्ताव दे चुके हैं। हालांकि दिलजीत पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है और वे केवल संगीत एवं अभिनय पर ध्यान देना चाहते हैं।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि भविष्य में वे राजनीति में प्रवेश करते हैं तो उन्हें भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके तहत किसी विदेशी नागरिक को आवेदन से पहले भारत में कम से कम 12 वर्ष का निवास आवश्यक है। फिलहाल इस पूरे मामले पर दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।















