नर्मदापुरम, 24 अप्रैल
नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम सिरूपुरा में पेयजल समस्या की सूचना मिलते ही प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके बाद विभागीय अमला सक्रिय होकर मौके पर पहुंच गया और आवश्यक सुधार कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि तकनीकी खराबी और जलस्तर में गिरावट के कारण हैंडपंप प्रभावित हो रहे थे। इस स्थिति को प्राथमिकता देते हुए सभी बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू कर दिया गया। इसके साथ ही नलकूप में अतिरिक्त पाइप जोड़कर नलजल योजना को फिर से सुचारू रूप से शुरू किया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सकी।
तत्काल की गई कार्रवाई के परिणामस्वरूप ग्राम में पेयजल आपूर्ति पुनः नियमित हो गई है। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया है कि आगे भी जल आपूर्ति व्यवस्था लगातार सुचारू बनी रहे और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सिरूपुरा ग्राम में जल जीवन मिशन के तहत 14.13 लाख रुपये की लागत से रेट्रोफिटिंग नलजल योजना संचालित है। इस योजना के अंतर्गत पुराने नलकूप में मोटर पंप स्थापित कर 1064 मीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। समस्त कार्य पूर्ण होने के बाद योजना को ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया है, जहां इसका संचालन और रखरखाव किया जा रहा है।
हाल ही में मोटर पंप में तकनीकी समस्या और जलस्तर में गिरावट के कारण आपूर्ति प्रभावित हो गई थी, जिसे पाइपलाइन विस्तार और आवश्यक मरम्मत कार्य के माध्यम से पुनः सामान्य कर दिया गया, जिससे ग्राम में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह बहाल हो सकी।









