मीरजापुर, 24 अप्रैल।
मीरजापुर जनपद के चुनार स्थित उप निबंधक कार्यालय के नवनिर्मित भवन का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री रविंद्र जायसवाल ने पूजा-अर्चना कर फीता काटते हुए तथा शिलापट का अनावरण कर भवन को जनता को समर्पित किया।
इस कार्यक्रम में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी तथा जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर कहा कि विभाग में पूर्व से जो कमियां थीं, उन्हें दूर करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है और यदि कहीं और कमी रह गई है तो अधिवक्ताओं के सहयोग से उसे भी शीघ्र दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पारिवारिक संपत्ति के विभाजन में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए उपहार विलेख पर लगने वाले मुद्रांक शुल्क को घटाकर मात्र पांच हजार रुपये कर दिया है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। इसके साथ ही महिलाओं के नाम पर पंजीयन कराने पर दस प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि पहले प्रदेश का राजस्व लगभग ग्यारह हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर अड़तीस हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
नवनिर्मित भवन के निर्माण के लिए अनुमानित लागत दो करोड़ अट्ठाईस लाख रुपये निर्धारित थी, जबकि इसे दो करोड़ सत्रह लाख रुपये में पूर्ण कर लिया गया है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त अजय सिंह, तहसीलदार इवेंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











