शिमला, 28 अप्रैल
रामपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर नशे की हालत में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह घटना सोमवार शाम पिपटी क्षेत्र की है, जहां आरोपी द्वारा खुलेआम गाली-गलौच और शोर-शराबा किया जा रहा था।
सूचना के अनुसार आरोपी के व्यवहार से आसपास के लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी और वह लगातार अभद्रता कर रहा था। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर कार्रवाई की और देविन्द्र सिंह (35 वर्ष), निवासी सरला-परोग को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण खनेरी अस्पताल में कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपी को 5000 रुपये के जमानत और मुचलके पर रिहा करने के आदेश दिए। साथ ही उसे 16 जून को पुनः न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













