रायपुर, 21 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा आबकारी आरक्षक पद की भर्ती परीक्षा (ABA25) की चयन सूची जारी कर दी गई है, जिसके संबंध में अभ्यर्थी सात दिवस के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
आबकारी विभाग ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदण्ड की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके उपरांत मुख्य सूची और अनुपूरक सूची जारी कर चयन परिणाम घोषित किया गया।
विभाग की ओर से कहा गया है कि चयन परिणाम में अंक, टंकण, मापदण्ड या प्रक्रिया संबंधी कोई त्रुटि पाए जाने की स्थिति में व्यापम द्वारा उपलब्ध कराए गए मूल डाटा के आधार पर संशोधन किया जा सकेगा।
यदि किसी अभ्यर्थी को चयन परिणाम के संबंध में कोई दावा या आपत्ति हो, तो वे सूचना पत्र जारी होने की तिथि से सात दिवस के भीतर कार्यालय आबकारी आयुक्त, वाणिज्यिक कर (जीएसटी) भवन, नॉर्थ ब्लॉक, सेक्टर-19, नवा रायपुर अटल नगर में कार्यालयीन समय पर उपस्थित होकर अथवा विभागीय ईमेल excise.comm.cg@gov.in पर आवश्यक दस्तावेजों सहित दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली कोई भी दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्णय लिया जाएगा और संबंधित अभ्यर्थियों को इसके बारे में पृथक से सूचना दी जाएगी।











