राजगढ़, 16 अप्रैल
राजगढ़ जिले में फर्जी नंबर प्लेट के जरिए टोल प्लाजा पार करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। ब्यावरा थाना पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अर्टिगा कार और कूटरचित नंबर प्लेट भी जब्त की है। इस कार्रवाई से वाहन नंबर के दुरुपयोग का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च को आदर्श कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल पर जोगीपुरा टोल प्लाजा से टोल कटने का संदेश प्राप्त हुआ, जबकि उस समय उनकी गाड़ी घर पर ही खड़ी थी। इस पर संदेह होने पर उन्होंने टोल प्लाजा से जानकारी ली, जहां यह स्पष्ट हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके वाहन नंबर का उपयोग कर टोल पार कर रहा है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान पुलिस ने बीनागंज निवासी कन्नू शिल्पकार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपनी फाइनेंस की गाड़ी की किस्तें नहीं चुका पा रहा था, जिसके चलते उसने वाहन को छिपाने और पकड़े जाने से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करना शुरू कर दिया। वह अन्य वाहनों के नंबरों का भी दुरुपयोग कर रहा था।
पुलिस ने आरोपित के पास से अर्टिगा कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने किन-किन स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां की हैं।









.jpg)

.jpg)


