औरैया, 11 अप्रैल 2026।
औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात जुहीखा–सेंगनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
अयाना थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि माधौगढ़ थाना क्षेत्र के रामहेतपुरा निवासी अशोक ने बताया कि 15 अप्रैल को उसकी शादी होनी है, जिसके चलते वह अपने चचेरे भाई रोहित के साथ शुक्रवार को भीखेपुर स्थित रिश्तेदारी में शादी का कार्ड देने आया था।
वापसी के दौरान शाम को जब दोनों कुआंगांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक घायल हो गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की जानकारी मिलते ही रोहित के भाई राजाबाबू और चंद्रशेखर अस्पताल पहुंचे। राजाबाबू ने बताया कि रोहित अविवाहित थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों से तहरीर प्राप्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।










.jpg)