भोपाल, 08 अप्रैल 2026।
राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाग उमराव दूल्हा क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक मामूली विवाद के दौरान एक युवक ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान एक महिला ने साहस का परिचय देते हुए हथियारबंद युवक का डटकर सामना किया। उसने बदमाश को पकड़ने और उसे फायरिंग करने से रोकने की कोशिश की। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है, हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति अपनी स्कूटी के पास खड़ा था और एक महिला उस पर बैठी हुई थी। तभी बाइक सवार युवक वहां से गुजरते हुए स्कूटी से हल्का टकरा गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बाइक से उतरकर पिस्टल निकाल ली।
हथियार देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए, लेकिन महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को धक्का देकर दीवार की ओर धकेला और उसे काबू में करने का प्रयास किया, ताकि वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके।
कुछ देर बाद आरोपी वहां से हटकर फिर लौटा और हवा में फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान करोंद निवासी दिलावर खान के रूप में की है, जिसके खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस फरियादी की तलाश कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।













