मीरजापुर, 08 अप्रैल।
मीरजापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब पांच बजे फोरलेन हाइवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार चाचा की मौके पर ही मौत हो गई और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार कम्हारी गांव निवासी 52 वर्षीय कन्हैया लाल मौर्य अपने 28 वर्षीय भतीजे बृजराज के साथ लालगंज थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में आयोजित एक बारात में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे बर्जिमुकुंदपुर के पास हाइवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कन्हैया लाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा बृजराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बृजराज को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और घटना की छानबीन जारी है। पुलिस ने आसपास के थानों को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया है, ताकि किसी सुराग के आधार पर वाहन चालक का पता लगाया जा सके।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)