भोपाल, 08 अप्रैल 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को अपने जबलपुर दौरे पर रहेंगे और यहां जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कृषि मंथन 2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के नए प्रशासनिक भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री 13 करोड़ रूपये की लागत से बने इस नवीन भवन का लोकार्पण कर करेंगे। इस भवन का नामकरण भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी प्रशासनिक भवन के नाम पर किया गया है।
जनसंपर्क अधिकारी एमएस उइके ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपने दौरे के दौरान बोहानी में 1.11 करोड़ रूपये से बने गन्ना अनुसंधान केंद्र के प्रशासनिक भवन, कृषि विश्वविद्यालय बालाघाट में 1 करोड़ रूपये से निर्मित कौशल विकास केंद्र और जबलपुर में 1.26 करोड़ रूपये की लागत से तैयार स्वचालित तरल जैव उर्वरक उत्पादन केंद्र का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अतिरिक्त, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की चार इकाइयों का 4 करोड़ 92 लाख रूपये मूल्य का लोकार्पण भी किया जाएगा।
कृषि मंथन कार्यक्रम के तहत कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत राज्य स्तरीय विचार मंथन कार्यशाला का आयोजन भी होगा। कार्यशाला के माध्यम से तकनीकी जानकारी, कौशल एवं बाजार से संबंधित ज्ञान का समन्वय किया जाएगा और प्राकृतिक खेती के उन्नयन हेतु एक हजार कृषि सखियों का प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री लखन पटेल विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा करेंगे।
कृषि मंथन में जवाहर चारा डिजिटल स्कैनर और कृषि अनुसंधान ट्रैकिंग एप का विमोचन किया जाएगा। साथ ही, भारत सरकार से वित्त पोषित 10 स्टार्टअप्स को 108 लाख रूपये की स्वीकृति आदेश प्रदान किए जाएंगे। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, पशुपालन, उद्यानिकी और मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना से लाभान्वित पशुपालकों को 1 करोड़ 03 लाख 35 हजार रूपये वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि मंथन के बाद मानस भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और भटौली स्थित साकेत वाटिका का भी दौरा करेंगे।


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)