भोपाल, 08 अप्रैल।
मध्य प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ले ली है। राज्य के ऊपरी हिस्सों में तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण आंधी और बारिश का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में मौसम अस्थिर बना रहा और कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और बारिश का असर दिखा।
मौसम विभाग ने बुधवार को दतिया, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर समेत कुल 18 जिलों में अगले 24 घंटों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले दिन मौसम का असर भिंड, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, गुना, अशोकनगर, टीकमगढ़, सतना, चित्रकूट और रीवा में देखा गया। कई जगह तेज हवाएं चलीं और कुछ जिलों में भारी बारिश हुई। शिवपुरी, दतिया, धार, पीथमपुर और झाबुआ में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखा गया, जबकि रतलाम में धूल भरी हवाएं चलीं।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जिसका प्रभाव मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ सकता है। तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा, कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि अन्य जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने का अनुमान है। दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)