नई दिल्ली, 11 अप्रैल
विदेश सचिव विक्रम मिस्री 12 से 14 अप्रैल तक फ्रांस की राजधानी पेरिस और जर्मनी की राजधानी बर्लिन का आधिकारिक दौरा करेंगे। इस दौरान वे दोनों देशों के साथ विभिन्न स्तरों पर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पेरिस में विदेश सचिव फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रिएन्स के साथ मिलकर भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में रक्षा, नागरिक परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष, साइबर एवं डिजिटल क्षेत्र, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार, सांस्कृतिक सहयोग तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने से जुड़ी पहलों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही वैश्विक और क्षेत्रीय हालिया घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
इसके बाद बर्लिन में विदेश सचिव जर्मन विदेश सचिव डॉ. गेज़ा एंड्रियास वॉन गेयर के साथ भारत-जर्मनी विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता करेंगे। यहां व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा, विकास सहयोग, शिक्षा और जनसंपर्क जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। साथ ही आपसी हितों से जुड़े वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दे भी एजेंडे में रहेंगे।
इस यात्रा के दौरान विदेश सचिव का दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों से भी मिलने का कार्यक्रम है।
उल्लेखनीय है कि यह दौरा जनवरी और फरवरी में क्रमशः जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्राओं के बाद हो रहा है। इसे भारत और यूरोप के बीच नियमित उच्चस्तरीय संवाद की परंपरा का हिस्सा माना जा रहा है। यह दौरा दोनों देशों के साथ भारत के व्यापक द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा।










.jpg)
.jpg)
