कोलकाता, 11 मई।
पश्चिम बंगाल में महिलाओं के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवान्न में लगातार बैठकों के बाद बताया कि जून महीने से राज्य की सरकारी बसों में महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा और उनके लिए यात्रा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार यह व्यवस्था दिल्ली की तर्ज पर लागू की जा रही है, जिससे महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही जून से ही महिलाओं के लिए ‘अन्नपूर्णा का भंडार’ योजना शुरू करने की घोषणा भी की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का प्रस्ताव है, हालांकि इसके लिए पात्रता की शर्तों को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सरकार ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना को भी जून से राज्य में लागू किया जाएगा। इस योजना का लाभ सभी लोगों को मिलेगा या इसके लिए कोई विशेष शर्तें होंगी, इस पर विस्तृत दिशा-निर्देश अभी जारी नहीं किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में पहले से चल रही किसी भी सामाजिक योजना को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चाहे कोई योजना 30 वर्ष पुरानी हो या 10 वर्ष पुरानी, सरकार किसी भी सामाजिक परियोजना को समाप्त नहीं करेगी।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में अन्नपूर्णा का भंडार और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को लागू करने का वादा किया था, जिन्हें अब सरकार बनने के बाद लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



.jpg)


.jpg)



