मुरादाबाद, 11 अप्रैल 2026।
मुरादाबाद जनपद में गंगा आरोग्य धाम प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केंद्र में शनिवार को बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला के दौरान थाना साइबर क्राइम की ओर से पहुंचीं उपनिरीक्षक अनीता कुमारी और आरक्षी नेहा चौधरी ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि किन परिस्थितियों में हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करना चाहिए तथा नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन, चाइल्डलाइन और एंबुलेंस सेवा जैसी सुविधाओं का सही उपयोग कैसे किया जाए।
कार्यक्रम में यह भी समझाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए किन तरीकों को अपनाना चाहिए और किस प्रकार विभिन्न सहायता सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है। इस अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
गंगा आरोग्य धाम की संचालिका ने उपनिरीक्षक अनीता कुमारी को शॉल और गौ पुराण भेंट कर सम्मानित किया, जबकि आरक्षी नेहा चौधरी को पटका और गौ निर्मित दीपक देकर सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में गंगा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल को सराहनीय बताया और इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम कहा।










