हरिद्वार, 22 अप्रैल।
जनपद हरिद्वार में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था गंभीर संकट की स्थिति में पहुंचती दिखाई दे रही है। गैस एजेंसियों में लगातार बढ़ते बैकलॉग के चलते उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने इस समस्या को गंभीर मानते हुए मंडल एलपीजी बिक्री प्रमुख, इंडेन मंडल कार्यालय देहरादून को पत्र भेजा है। पत्र में जनपद के लिए अतिरिक्त घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि लंबित बुकिंग को शीघ्र निस्तारित किया जा सके।
जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल तक जनपद की गैस एजेंसियों में बैकलॉग का आंकड़ा काफी अधिक हो चुका है। आईओसीएल एजेंसियों में लंबित सिलेंडरों की संख्या 44,245 तक पहुंच गई है, जबकि बीपीसीएल एजेंसियों में यह संख्या 14,416 दर्ज की गई है।
यह स्थिति दैनिक आपूर्ति क्षमता से कई गुना अधिक मानी जा रही है। लगातार बढ़ती बुकिंग और मांग के मुकाबले पर्याप्त आपूर्ति न होने से बैकलॉग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है और व्यवस्था पर भी दबाव गहरा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बैकलॉग का विस्तृत विवरण भी भेजा है और जल्द से जल्द अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलेंडर मिल सके और जनाक्रोश को नियंत्रित किया जा सके।





.jpg)




