केदारनाथ, 22 अप्रैल
केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह निर्धारित शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इस बार मंदिर को लगभग 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर आकर्षक दिखाई दिया। कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर अपनी आस्था प्रकट की। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूजा-अर्चना में सम्मिलित हुए। इससे पहले बाबा केदार की डोली मंगलवार देर शाम गौरीकुंड से केदारनाथ धाम पहुंच चुकी थी।
कपाट खुलते ही संपूर्ण धाम ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा और इसी के साथ केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कपाटोद्घाटन के इस पवित्र क्षण को प्रत्यक्ष देखा। बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग साढ़े चार बजे केदारनाथ धाम पहुंची। ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से आरंभ हुई यह डोली करीब 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए जंगलचट्टी, रामबाड़ा, छोटे-बड़े लिनचोली और बेस कैंप होते हुए धाम पहुंची।
मंदिर परिसर में डोली के पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने ‘जय बाबा केदार’ के जयघोष के साथ पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात डोली ने मंदिर की परिक्रमा करते हुए भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
इस दौरान आठवीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनों और डमरू की गूंज से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर मंदिर समिति से जुड़े पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और तीर्थ पुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कपाट खुलने के इस महत्वपूर्ण आयोजन के साक्षी बने।







.jpg)

