जयपुर, 14 मई।
नगर निगम में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हेल्थ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई में एक दलाल को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है, जिससे निगम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार एसीबी टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान दोनों आरोपियों को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा। जैसे ही कार्रवाई हुई, नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।
एसीबी की टीम ने गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में रिश्वतखोरी की पुष्टि हो चुकी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।













