शिमला, 17 मार्च 2026।
हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर तीखे बने हुए हैं और मार्च में ठंड ने दिसंबर जैसा एहसास कराया है। बीती रात राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि मंगलवार को भी मौसम खराब बना रहा। शिमला, मनाली समेत अधिकांश पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर किया।
लाहौल-स्पीति प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के आदेश के अनुसार, भारी बर्फबारी, सड़क पर जमी बर्फ और खराब विजिबिलिटी के कारण केलांग से अटल टनल तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने कहा कि इस मार्ग पर यात्रा करना फिलहाल जोखिम भरा है और लोगों की जान-माल को खतरा हो सकता है।
आदेश में बताया गया है कि सिस्सू के पास बैरियर लगाकर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। केवल आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड और बीआरओ को सीमित रूप से आने-जाने की अनुमति दी जाएगी। स्थानीय निवासियों के लिए केवल 4x4 वाहनों को ही छूट दी गई है। प्रशासन ने फंसे वाहनों को प्राथमिकता से निकालने और बर्फ हटाने का काम तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में मौसम और बिगड़ने की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों में मौसम और तीखा हो सकता है।
18 और 19 मार्च को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर राज्य के बाकी 10 जिलों में भारी बारिश, 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। 19 मार्च को मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इस दिन चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जहां भारी ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं का खतरा है। हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और सिरमौर जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। 20 मार्च को भी 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।
राज्य में पिछले तीन दिनों से लगातार बदलते मौसम के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मार्च के मध्य में मौसम के इस बदले मिजाज ने आम जनजीवन पर असर डाला है, विशेषकर पर्यटन स्थलों और पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हुई है।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
