मऊ, 10 अप्रैल 2026।
मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत जामडीह इलाके में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव के तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस के अनुसार बीबीपुर गांव निवासी बेचन यादव (30), प्रमोद यादव (28) और आजाद यादव (32) आपस में घनिष्ठ मित्र थे और तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घोसी स्थित एक निजी अस्पताल में अपने मित्र को खाना पहुंचाने गए थे, जहां उसके घर नवजात शिशु के जन्म के कारण उसकी पत्नी भर्ती थी।
बताया गया कि बुधवार देर रात खाना पहुंचाकर वापस लौटते समय जामडीह के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही घोसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, साथ ही दुर्घटना में शामिल बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि उसका चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया, वहीं ग्रामीणों ने बताया कि तीनों युवक हमेशा साथ रहते थे और उनकी गहरी दोस्ती पूरे इलाके में मिसाल मानी जाती थी।
अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के सवार थे और तेज रफ्तार में अचानक सामने से आ रही गाड़ी से टकरा गए, जिसके बाद तीनों की मौत हो गई, जबकि मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।





_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)

