कांकेर, 10 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात नाथिया नवागांव के पास दो कारों के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में मासूम सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे हुई। एक ही परिवार के सदस्य शादी समारोह में शामिल होकर उड़कुडा गांव लौट रहे थे, तभी नाथिया नवागांव के समीप उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से चल रहे थे और टक्कर इतनी भीषण थी कि कारों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घायलों को तुरंत एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल कांकेर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नाथिया नवागांव के पास दो कारों की टक्कर में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान तथा अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
घायलों के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की जानकारी सामने आएगी। वहीं, मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चुरी में रखवाया गया है, और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।





.jpg)

.jpg)
.jpg)


