सुपौल, 18 अप्रैल।
बिहार के दरभंगा में एक व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की है, जहां रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक होटल के कमरे से उसका शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सुपौल जिले के गुदरी बाजार निवासी संजय प्रसाद अग्रवाल (35) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार संजय प्रसाद अग्रवाल 15 अप्रैल से नारायण होटल में ठहरे हुए थे। इस दौरान उन्हें कमरे से बाहर आते-जाते किसी ने नहीं देखा। शुक्रवार शाम जब कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी तो होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया, जहां बाथरूम के अंदर संजय प्रसाद का शव पड़ा मिला।
होटल रजिस्टर और पहचान पत्र के आधार पर शव की पहचान की गई और परिजनों को सूचित किया गया। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसएफएल (फॉरेंसिक) टीम को बुलाया गया है।
घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है। प्रारंभिक जांच में मामला जहरीला पदार्थ सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।






.jpg)
.jpg)

