बिहार
18 Apr, 2026

इलाज के नाम पर लापरवाही से बच्ची की मौत, जांच के आदेश की मांग

सुपौल में झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

सुपौल, 18 अप्रैल।

जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र के पिपराखुर्द चौक पर एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां कथित झोलाछाप चिकित्सक द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया है।

जानकारी के अनुसार, पिपराखुर्द वार्ड संख्या 6 निवासी सिताराम शर्मा की नातिन शिवानी कुमारी को तेज बुखार था। परिजन उसे इलाज के लिए गांव के चौक स्थित एक मेडिकल दुकान पर लेकर पहुंचे। दुकान संचालक विद्यानंद मंडल, जो स्वयं को ग्रामीण चिकित्सक बताते हैं, ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया। उस समय बच्ची का तापमान लगभग 102 डिग्री बताया गया।

परिजनों के अनुसार, करीब आठ बजे इंजेक्शन लगवाने के बाद वे बच्ची को घर ले आए, लेकिन लगभग 20 मिनट के भीतर ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्ची के हाथ-पैर सिकुड़ने लगे और वह बेहोशी की स्थिति में पहुंच गई। स्थिति गंभीर होते देख परिजन उसे दोबारा उसी व्यक्ति के पास ले गए, जहां से उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अंजार अहमद ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के मामा रंजीत कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी भांजी की मौत गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि इंजेक्शन लगते ही बच्ची की हालत तेजी से बिगड़ गई थी, जो साफ लापरवाही को दर्शाता है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना वैध डिग्री के ग्रामीण क्षेत्रों में इलाज कर रहे लोगों पर प्रशासन की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

वहीं, आरोपी विद्यानंद मंडल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने केवल सामान्य बुखार का इंजेक्शन दिया था। उनका दावा है कि वे पिछले 35 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में उपचार कर रहे हैं और किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है।

इधर, स्थानीय थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़