रायपुर, 21 मई।
राजधानी रायपुर में आज गुरुवार को ‘गिफ्ट तिलापिया की वैज्ञानिक खेती’ विषय पर एक दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम व्हीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलॉन में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा, जिसका शुभारंभ मत्स्य पालन मंत्री रामविचार नेताम करेंगे।
इस शिविर में केंद्र सरकार के मत्स्य पालन विभाग, समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण और राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के जल संसाधनों को वैश्विक निर्यात श्रृंखला से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। आयोजन का उद्देश्य वैज्ञानिक मत्स्य पालन को बढ़ावा देना है।
छत्तीसगढ़ के लिए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत अधिसूचित 34 क्लस्टरों में राज्य को देश का एकमात्र तिलापिया क्लस्टर घोषित किया गया है। वर्ष 2025-26 में समुद्री उत्पादों का निर्यात ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचने के बाद अब तिलापिया जैसी प्रजातियों की वैज्ञानिक खेती पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होकर राज्य में मछली पालन की उत्पादन क्षमता और निर्यात संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।






.jpg)







