अपराध
21 May, 2026

स्मैक तस्करी में महिला समेत चार गिरफ्तार, ई-रिक्शा से चल रहा था नेटवर्क

किशनगंज में सदर थाना पुलिस ने स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8.67 ग्राम स्मैक और ई-रिक्शा के साथ एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

किशनगंज, 21 मई।

स्मैक तस्करी में महिला समेत चार गिरफ्तार, ई-रिक्शा से चल रहा था नेटवर्ककिशनगंज जिले में नशा विरोधी अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक की तस्करी में शामिल एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 8.67 ग्राम स्मैक बरामद की गई है और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैलटेक्स चौक के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

सूचना में बताया गया था कि पश्चिम बंगाल से एक ग्रे रंग का ई-रिक्शा (बीआर 37 ईआर 5216) स्मैक की खेप लेकर एमजीएम रोड के रास्ते शहर में प्रवेश करने वाला है। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को मोड़कर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान एक महिला के अंतःवस्त्र में छिपाकर रखी गई 8.67 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद मौके से सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरिया भट्टा वार्ड संख्या-29 निवासी सुनीता देवी, ई-रिक्शा चालक सौरभ वर्मन उर्फ काजू, प्रताप कुमार राय उर्फ पकौड़ी तथा विवेक तालुकदार उर्फ चीकू के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से पश्चिम बंगाल से स्मैक लाकर किशनगंज में बिक्री कर रहे थे और उससे मिलने वाली राशि को आपस में बांट लेते थे।

सदर थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़