सुलतानपुर, 25 मई।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के दोस्तपुर थाना अंतर्गत धर्मपुर गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 40 वर्षीय युवक का शव उसके घर की एक कोठरी में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका पाया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान धर्मपुर निवासी लक्ष्मीकांत मिश्रा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मीकांत दिल्ली में बस ड्राइवर के पद पर कार्यरत थे और लगभग 10 दिन पूर्व ही गांव वापस लौटे थे। उनकी पत्नी प्रीति मिश्रा और दोनों बच्चे (15 वर्षीय पुत्र अंश और 12 वर्षीय पुत्री लाजो) दिल्ली में ही निवास करते हैं।
घटना के संबंध में मृतक के पिता जगदीश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि रविवार की शाम लक्ष्मीकांत सामान्य स्थिति में थे और परिजनों से बातचीत भी की थी। रात के लगभग 11 बजे सभी सदस्य सोने चले गए, जिसके बाद लक्ष्मीकांत घर के एक कच्चे मकान स्थित कोठरी में चले गए। सोमवार सुबह जब स्वजनों ने उनकी खोजबीन की, तो कोठरी का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर उनका शव फंदे पर झूल रहा था।
कादीपुर के क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मृत्यु के सटीक कारणों का स्पष्टीकरण हो सकेगा, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







.jpg)







