इंदौर, 25 मई।
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में सोमवार तड़के एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ 25 वर्षीय एक महिला ने अपने घर में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित अमर टेकरी इलाके की है। मृतका के पति, जो पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं, ने बताया कि रविवार को उनकी पत्नी की तबीयत काफी खराब थी। पति ने उन्हें अस्पताल ले जाकर डॉक्टर को दिखाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने उपचार कराने से स्पष्ट मना कर दिया था। यहाँ तक कि घर पर डॉक्टर को बुलाकर ड्रिप लगवाने के अनुरोध को भी उन्होंने स्वीकार नहीं किया।
सोमवार सुबह लगभग 4:00 बजे जब पति की नींद खुली, तो उन्होंने पत्नी को बिस्तर पर नहीं पाया। घर में तलाश करने पर वह दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व हुआ था और उनके दो पुत्र हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आत्महत्या के स्पष्ट कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







.jpg)






