झांसी, 26 मई ।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में वांछित चल रहे बर्खास्त सिपाही ने पुलिस दबिश और लगातार कार्रवाई के दबाव के बीच मंगलवार को झांसी न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जिला कारागार भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी में पकड़े गए ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट में कई नाम सामने आए थे, जिनमें हाथरस निवासी और पूर्व सिपाही रजत कुमार का नाम भी शामिल था। इसके अलावा नवाबाद थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले में भी उसकी संलिप्तता सामने आई थी।
मामले में नाम उजागर होने के बाद रजत कुमार को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से ही पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। पुलिस के बढ़ते दबाव के चलते आरोपी ने अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
बताया गया है कि आरोपी सीपरी बाजार थाने में दर्ज मुकदमे में नामजद और वांछित था, जिसमें उस पर सार्वजनिक जुआ अधिनियम सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जांच जारी है और आने वाले समय में इस पूरे गिरोह से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।















