अशोकनगर, 26 मई ।
चंदेरी नगर में आधार संशोधन के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां एक फर्जी आधार केंद्र संचालक पर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगे हैं।
मामला मंगलवार को एसडीएम चंदेरी की जनसुनवाई में उजागर हुआ, जब एक पीड़ित महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि ऑनलाइन सर्विस केंद्र राजघाट रोड चंदेरी के संचालक ने उसकी बच्ची के आधार में संशोधन के नाम पर तीन हजार रुपये लिए और बाद में गलत आधार कार्ड जारी कर दिया।
शिकायत के अनुसार बच्ची वैष्णवी पाल के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति कृष्ण पाल आदिवासी का आधार कार्ड दे दिया गया। इसके बाद पुनः सुधार के नाम पर महिला से छह हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई, जिससे पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम चंदेरी ने नायब तहसीलदार और राजस्व दल को जांच के निर्देश दिए। जांच टीम के पहुंचने से पहले ही केंद्र संचालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान केंद्र की जांच में औपचारिकताएं पूरी की गईं, हालांकि किसी प्रकार के कंप्यूटर या मशीनरी की विधिवत जब्ती नहीं की जा सकी। केवल पंचनामा बनाकर संचालक के पिता को सुपुर्दगी में मामला सौंप दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार शिकायत के आधार पर जांच कराई जा रही है और मशीनरी को सील किया गया है। इसे गंभीर साइबर अपराध मानते हुए तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि आधार संशोधन किस तरीके और किस माध्यम से किया जा रहा था।
प्रशासन ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।















