राजगढ़, 26 मई ।
ब्यावरा क्षेत्र में राजस्थान की दो सगी बहनों द्वारा दो युवकों पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र की रहने वाली दोनों बहनें शादी समारोहों में नृत्य और गायन का कार्य करती हैं। पीड़िताओं ने आरोप लगाया है कि वे रविवार को कालीपीठ क्षेत्र के एक गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं।
आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान किला अमरगढ़ निवासी बंटी और अर्जुन नामक युवक उन्हें ब्यावरा स्थित एक होटल में ठहराने के लिए ले गए, जहां उनके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया।
पीड़िताओं का कहना है कि किसी तरह वे सोमवार सुबह अपने घर छबड़ा पहुंचीं और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मंगलवार को दोनों बहनें परिजनों के साथ शिकायत लेकर ब्यावरा पहुंचीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों की तस्दीक की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















