जयपुर, 26 मई ।
भांकरोटा थाना पुलिस ने पिस्टल की नोक पर बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर 47.90 लाख रुपये की फिरौती वसूलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 44.50 लाख रुपये नकद, एक अवैध देशी पिस्टल, वारदात में प्रयुक्त लग्जरी कार तथा फिरौती की रकम से खरीदा गया घरेलू सामान भी बरामद किया है। पकड़े गए चारों आरोपियों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जानकारी के अनुसार आरोपी ऑनलाइन प्रॉपर्टी पोर्टल के जरिए संपर्क कर खुद को दुबई का बड़ा गोल्ड व्यापारी बताते थे और लोगों को संपत्ति दिखाने के बहाने बुलाते थे।
इसी तरीके से 2 मई को मुख्य आरोपी निखिल तिवाड़ी ने बुजुर्ग दंपती को बालाजी एनक्लेव स्थित एक विला में प्रॉपर्टी दिखाने के लिए बुलाया, जहां पहले से मौजूद साथियों ने दंपती को बंधक बना लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर पहले 60 लाख रुपये की मांग की और बाद में धमकी देकर परिजनों से 47.90 लाख रुपये मंगवा लिए। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह राजस्थान सहित अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
थानाधिकारी के अनुसार मामले में 12 मई 2026 को दर्ज रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।















