जांजगीर-चांपा, 26 मई ।
पामगढ़ थाना क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमीन खरीद-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को लालच देकर ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल पामगढ़ के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक दुकान भी संचालित करता है।
मामले में प्रार्थी कार्तिकेश्वर रात्रे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया था। उसकी बातों में आकर पीड़ित ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नकद मिलाकर करीब 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
शिकायत के अनुसार रकम जुटाने के लिए पीड़ित ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से भी कर्ज लिया, लेकिन आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर बाजार में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। न तो रकम लौटाई गई और न ही कोई लाभ दिया गया।
मामले की शिकायत के बाद थाना पामगढ़ में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि “पैसा डबल” या फर्जी निवेश योजनाओं के झांसे में न आएं और किसी भी निवेश से पहले पूरी जांच अवश्य करें।















