नई दिल्ली, 27 मई।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने तीन दिवसीय कनाडा प्रवास के दौरान बुधवार को वहां के प्रमुख पेंशन कोषों, सॉवरेन फंडों और संस्थागत निवेशकों के साथ विस्तृत बैठकों का दौर किया। इन बैठकों में उन्होंने निवेशकों को भारत के तेज़ी से विस्तार करते क्षेत्रों में भागीदारी का आमंत्रण दिया।

उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छ ऊर्जा, तकनीकी विकास, कृत्रिम मेधा आधारित नवाचार, डिजिटल अवसंरचना और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया। इसके साथ ही वित्तीय बाजारों में आपसी सहयोग को और गहरा करने तथा सतत विकास और साझा समृद्धि के अवसरों को बढ़ाने की दिशा में चर्चा की गई।
सनलाइफ फाइनेंशियल के प्रमुख केविन स्ट्रेन के साथ हुई बैठक में बीमा क्षेत्र, सेवानिवृत्ति समाधान, स्वास्थ्य वित्तपोषण और भारत के तेजी से बढ़ते वित्तीय सेवा क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश संभावनाओं पर विशेष विमर्श हुआ।

इसके अलावा कई प्रमुख वैश्विक कारोबारी हस्तियों के साथ द्विपक्षीय वार्ताएं भी हुईं, जिनमें फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के वी प्रेम वत्स, मनुलाइफ फाइनेंशियल के सीईओ फिलिप विदरिंगटन, सनलाइफ कनाडा के केविन स्ट्रेन, टोरंटो डोमिनियन बैंक समूह के अध्यक्ष व सीईओ रेमंड चुन, नियो परफॉर्मेंस मैटेरियल्स के सीईओ रहीम सुलेमान और मैक्केन फूड्स के सीईओ मैक्स कोइयून शामिल रहे।















