गौरीकुंड (उत्तराखंड), 27 मई।
उत्तराखंड के गौरीकुंड स्थित घोड़ा पड़ाव के नीचे नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरएफ को सूचित किया। शव के नदी में होने की पुष्टि के उपरांत राहत और बचाव कार्य के लिए एक विशेष टीम को मौके पर भेजा गया।
एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम घटना स्थल पर पहुंची। नदी के उफान और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण शव को बाहर निकालना अत्यंत कठिन व चुनौतीपूर्ण कार्य था। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत और साहस का परिचय देते हुए अभियान चलाया और अंततः शव को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। गौरीकुंड थाना पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और मृतक के शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।















