कठुआ, 25 मई।
भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने पंचायत हमीरपुर में 21 लाख रुपये की लागत से तैयार 15 केएलडी क्षमता के देवत प्लांट का विधिवत उद्घाटन किया। यह आधुनिक तकनीक पर आधारित प्लांट घरेलू ग्रे-वॉटर जैसे कि नहाने और कपड़े धोने के पानी को वैज्ञानिक प्रक्रिया से शुद्ध करने का कार्य करेगा। उपचार के बाद यह पानी पुन: उपयोग के लिए पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा।
इस परियोजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता का स्तर ऊंचा उठाने और जल प्रदूषण को नियंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। उपचारित पानी का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई और अन्य गैर-पेय कार्यों में किया जाएगा, जिससे ताजे जल स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और भूजल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी। विधायक ने कार्यक्रम में कहा कि ऐसी योजनाएं ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए अनिवार्य हैं। उन्होंने ग्रामीणों से प्लांट के रखरखाव में सक्रिय योगदान देने और जल संचयन को अपनी आदत बनाने का आग्रह किया।
उद्घाटन उपरांत विधायक ने पंचायत मंग्लूर ईस्ट के लडोली, सौन्थल और लोगेट गांवों में जनसभाओं का संचालन किया। ग्रामीणों ने इस दौरान सड़कों की मरम्मत, बिजली की लचर व्यवस्था, सिंचाई के साधन और पेयजल किल्लत जैसी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और सभी मांगों के चरणबद्ध निराकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से समाधान रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए। मंडल प्रधान मुकेश रोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे, जहां स्थानीय लोगों ने विकास कार्यों की दिशा में विधायक के प्रयासों की प्रशंसा की।














