भोपाल, 27 मई ।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर मंगलवार देर रात अशोका गार्डन क्षेत्र में बड़ा सर्चिंग अभियान चलाते हुए अचानक सख्त कार्रवाई की। इस दौरान करीब 60 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की चार विशेष टीमों ने एक साथ इलाके में दबिश देकर लगभग दो दर्जन बदमाशों और संदिग्ध अपराधियों के घरों की गहन तलाशी ली।
अभियान के दौरान पुलिस ने चाकूबाजी, फायरिंग, लूट, अड्डेबाजी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त आदतन अपराधियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की तथा उनके खिलाफ डोजियर तैयार करने की कार्रवाई भी की। इस दौरान कई संदिग्ध ठिकानों पर अवैध हथियार, चाकू और फायर आर्म्स की तलाश में विस्तृत जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि कई अपराधी दिन के समय घर से बाहर रहते हैं और देर रात लौटते हैं। इसी आधार पर रणनीति बनाते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी, जिससे कई आरोपी मौके पर ही मिल गए। जो संदिग्ध घर पर मौजूद नहीं थे, उनका वीडियो कॉल के माध्यम से सत्यापन किया गया और जिला बदर अपराधियों की भी विशेष जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली, जिसमें दो आरोपियों से अवैध हथियार बरामद किए गए। इनमें जहांगीराबाद निवासी जुबेर खान (24) के पास से एक छुरी तथा गांधीनगर/ऐशबाग निवासी सोहेल खान (25) के पास से एक देशी कट्टा जब्त किया गया।
अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान अवैध हथियारों, मादक पदार्थों के परिवहन, जिला बदर आदेशों के उल्लंघन और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आई हैं, जिन पर आगे विस्तृत कार्रवाई जारी है।















