इंदौर, 29 मई।
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित सबसे बड़े शासकीय महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने स्थित बाथरूम में एक नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब कुछ लोग बाथरूम का उपयोग करने पहुंचे और उनकी नजर वहां पड़े मासूम के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल सुरक्षा गार्डों को सूचित किया, जिसके बाद अस्पताल के सफाई कर्मचारियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों के प्राथमिक मुआयने के अनुसार, शिशु की उम्र करीब तीन महीने आंकी गई है। फिलहाल, पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है।
इस घटना ने एमवाय अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल परिसर में चौबीसों घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, इसके बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति का शव छोड़कर आसानी से निकल जाना बड़ी चूक को दर्शाता है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।













