सीवान, 29 मई।
जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी आश्रम के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया।
मृतकों की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हिलसड़ गांव निवासी आफताब आलम की 65 वर्षीय पत्नी हाजरा खातून और उनकी 20 वर्षीय पुत्री सफीना खातून के रूप में हुई है। घायलों में आफताब आलम के पुत्र तारिक अनवर, गफ्फार अंसारी के पुत्र आजाद अंसारी तथा स्कॉर्पियो चालक पप्पू चौरसिया शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार हाजरा खातून की तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान गांधी आश्रम के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बसंतपुर थाना पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया।
सदर अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने हाजरा खातून और उनकी बेटी सफीना खातून को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि सफीना खातून की शादी अगले महीने जून में तय थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। परिजन जहां बेटी के विवाह के सपने संजोए हुए थे, वहीं इस दुर्घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।






.jpg)



