भोपाल, 29 मई ।
भोपाल नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए विभिन्न इलाकों में सख्त कार्रवाई की है। निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शिकायतों के आधार पर अभियान चलाकर सड़क, नाले और फुटपाथों से बड़ी संख्या में अवैध कब्जों को हटाया तथा कई सामान जब्त किया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शुक्रवार को निगम की टीम ने नेहरू नगर, पलकमति परिसर, जवाहर चौक, शाहपुरा मनीषा मार्केट, बिट्टन मार्केट, रोहित नगर, बावड़िया कला, अयोध्या बायपास, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6, सिंधी कॉलोनी चौराहा, बैरागढ़ सीटीओ रोड, आशाराम तिराहा, गांधी नगर बस स्टॉप और सब्जी मंडी सहित कई क्षेत्रों में अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान रोहित नगर सर्विस रोड पर अवैध रूप से बनाए गए बांस-बल्लियों के टपरे को हटाया गया। वहीं अलग-अलग स्थानों से दो ठेले, दो गुमठियां, तीन तख्त और छह कैरेट जब्त किए गए।
निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथों पर फैले सामान को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने का प्रयास किया, जिससे आमजन को आवागमन में राहत मिल सके।
इसके अलावा अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने जिला प्रशासन के सहयोग से बैरागढ़ सीटीओ रोड स्थित नाले के पास बने एक अवैध शेड को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









