नई दिल्ली, 30 मई ।
दिल्ली विश्वविद्यालय के निकट उत्तरी रिज स्थित बोंटा पार्क में शनिवार को मॉर्निंग वॉक के दौरान उपराज्यपाल ने नागरिकों से संवाद कर पार्कों की स्थिति और सुविधाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक, बेहतर सार्वजनिक स्थल और जनभागीदारी मिलकर ही विकसित दिल्ली की मजबूत नींव तैयार करते हैं और इसी दिशा में निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
उपराज्यपाल ने बताया कि पार्कों में लोगों को व्यायाम करते और परिवारों को हरियाली के बीच समय बिताते देखना उत्साहजनक है तथा यह दिल्लीवासियों की बढ़ती स्वास्थ्य जागरूकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने पार्कों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने को लेकर सुझाव साझा किए, जो सार्वजनिक स्थलों के विकास और सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा भविष्य की योजनाओं में इन पर ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली के हरित क्षेत्रों को सुरक्षित रखना और उन्हें और अधिक विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि पार्क और सार्वजनिक स्थल सभी के लिए स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बने रहें।
उपराज्यपाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे मिलकर दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित शहर बनाने में सक्रिय योगदान दें, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।















