प्रशासनिक खबरें
09 Jul, 2026

भोपाल में कॉलोनियों की समस्याओं पर विशेष जनसुनवाई, 287 शिकायतें दर्ज

भोपाल कलेक्ट्रेट में कॉलोनियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर हुई विशेष जनसुनवाई में सड़क, पानी और बिजली से जुड़ी 287 शिकायतें प्राप्त हुईं।

भोपाल, 9 जुलाई।

जिले की कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर हुई इस सुनवाई की अध्यक्षता एडीएम सुमित पांडे ने की। इसमें जिलेभर से कुल 287 शिकायतें दर्ज की गईं।

जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक मामले सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सामने आए। कई नागरिकों ने बिल्डरों पर आरोप लगाते हुए शिकायत की कि राशि लेने के बाद भी उन्हें मकानों का कब्जा नहीं दिया गया और कॉलोनियों में विकास कार्य अधूरे छोड़ दिए गए।

सुनवाई में नगर निगम, सहकारिता विभाग, सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और प्राप्त शिकायतों को विभागवार दर्ज किया।

जनसुनवाई में करीब 15 प्रतिशत मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं अन्य शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

एडीएम सुमित पांडे ने बताया कि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका है, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों और बिल्डरों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिन बिल्डरों ने कॉलोनियों में सड़क, पानी और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं, उन्हें जल्द से जल्द व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एडीएम ने कहा कि सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें सामने आई हैं, वहां भविष्य में क्षेत्रवार विशेष जनसुनवाई आयोजित करने पर भी विचार किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

अपनी गतिविधियों पर पुनर्विचार करें। वैचारिक द्वन्द्व और असंतोष बना रहेगा। किसी सूचना से पूर्ण निर्णय सम्भव। सुख आरोग्य प्रभावित होगा। शत्रुभय, चिंता, संतान को कष्ट, अपव्यय के कारण बनेंगे। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। किसी नजदीकी शुभचिंतक सलाह उपयोगी सिद्घ होगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 30°

Cloudy

ट्रेंडिंग न्यूज़